बक्शा के ब्राह्मणपुर बरखंडी सि्थत स्टेट बैंक से बुधवार को पैसा नहीं मिलने पर हाईवे जाम करते उपभोक्ता।
एसबीआई की नौपेड़वा शाखा से लगातार पांचवें दिन भी लोगों को भुगतान न होने से गुस्साए उपभोक्ताओं ने बुधवार को बैंक के सामने हाईवे जाम कर दिया। सड़क जाम होने से दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। लोगों ने बैंक प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझा बुझाकर 45 मिनट बाज जाम समाप्त करवाया। एसबीआई की नौपेड़वा शाखा पर सुबह बैंक खुलने से पहले ही लोगों की भीड़ लग गई थी। बैंक अधिकारी आए और गेट खुला तो थोड़ी ही देर में बैंक में कैश न होने का बोर्ड लगा दिया गया।
इससे लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। यहां लगातार पांचवें दिन लोगों को भुगतान नहीं किया गया। इसके पहले भी लोग खाली हाथ लौट चुके थे। गुस्साए लोगों ने बैंक के बाहर वाराणसी-सुल्तानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग को जाम कर दिया।
जाम की सूचना पर पहुंचा पुलिस ने किसी तरह लोगों को समझा बुझाकर 45 मिनट बाद जाम समाप्त करवाया। स्टेट बैंक की नौपेड़वा शाखा प्रबंधक पुत्री की शादी के कारण छुट्टी पर हैं। शाखा में बचे एक मात्र कैशियर मृत्युंजय की भाभी की एक दुर्घटना में मौत पर वे भी छुट्टी पर चले गए हैं।
बैंक की मुख्य शाखा से एक अधिकारी को यहां भेजा गया है। वह बैंक पहुंचे तो कैश न होने का बोर्ड लगा दिया गया। मौजूद बैंक उपभोक्ताओं का कहना था कि बीते शुक्त्रस्वार से बैंक कर्मी पैसा नही दे रहे है। मुख्य शाखा से आये स्टाफ कर्मी ने बताया कि बैंक के पास कैश नहीं है। कैश लेने के आने का इंतजार किया जा रहा है।