बरईपार। स्थानीय बाजार तीन ग्राम सभाओं को जोड़ने वाला प्रमुख बाजार है। इसकी आबादी करीब 4 हजार है। बाजार में 400 से अधिक दुकानें हैं। यहां प्रतिदिन एक से दो हजार लोग खरीदारी के लिए आते हैं। ऐसे में बाजार में शौचालय न होने से सभी को समस्या का सामना करना पड़ता है। तीन किलोमीटर क्षेत्र में बसे इस बाजार में नेवढि़या, बरईपार और कटक ग्राम सभा के लोग खरीदारी करने आते हैं। शादी विवाह हो, क्रियाकर्म हो या फिर कोई भी छोटा-मोटा कार्यक्रम, लोग इसी बाजार से खरीदारी करते हैं। इतना बड़ा बाजार होने के बावजूद यहां एक शौचालय भी नहीं है। इससे स्थानीय निवासियों के साथ खरीदारी करने वाले ग्राहकों और दुकानदारों को समस्या होती है। सबसे अधिक परेशान महिलाएं होती हैं।
पीडि़त 1 - बाजार निवासी दुकानदार दिनेश कुमार यादव ने बताया कि पिछले 10 सालों से हम लोग लगातार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से शौचालय की मांग कर रहे हैं। लेकिन मांग पूरी नहीं हो पाई है। शौचालय नहीं बनने से लोगों को दिक्कत का सामना करना पड़ रह।
पीडि़त 2 - बाजारवासी कृष्ण कुमार जायसवाल उर्फ डबलू का कहना है कि सुलभ शौचालय नहीं होने से बाजार वासियों को महिलाओं को अत्यधिक दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है ।
पीडि़त 3 - बाजार निवासी महेश कुमार मौर्य ने बताया कि बाजार में सुलभ शौचालय नहीं होने से सब परेशान हैं। ग्राहकाें और बाजार में आने वाले लोगों को दिक्कत होती है। शौचालय बनना चाहिए।
पीडि़त 4 - बाजार के दुकानदार बुद्धी सागर सेठ ने बताया कि सुलभ शौचालय नहीं होने की वजह से बाजार में अगल-बगल लोग खुले में शौच और लघुशंका करते हैं। इससे बीमारी फैलने का खतरा रहता है ।
बाजार में शौचालय के लिए सरकारी जमीन खोजी जा रही है। सर्वे करवा कर जल्द ही वहां सुलभ शौचालय का निर्माण करवाया जाएगा। - सचिन भारती, खंड विकास अधिकारी, मछलीशहर