करंजाकला। पूर्वांचल विश्वविद्यालय की अधूरी मुख्य परीक्षा और सेमेस्टर परीक्षा कराने के लिए 2 सितंबर की तिथि प्रस्तावित है। केंद्रों पर 27 अगस्त से भेजने की तैयारी कर रही है। परीक्षा की तैयारी के लिए विवि में उत्तर पुस्तिका और पेपर का बंडल बनना शुरू हो गया है। यह बात अलग है कि परीक्षा केंद्रों पर कितने छात्र परीक्षा में शामिल इसकी जानकारी विवि के पास अभी तक उपलब्ध नहीं हो पाई है।
परीक्षा के लिए स्ट्रांग रूम में 15 कर्मचारी पेपर सील करने के लिए लगाए गए हैं। विश्वविद्यालय के संबद्ध 885 महाविद्यालयों में 665 परीक्षा केंद्र बनाए गए है। सभी केंद्रो पर स्टोर विभाग 28 लाख उत्तरपुस्तिका पूर्व में भेज चुका है। स्टोर विभाग के पास 35 लाख उत्तर पुस्तिका मंगायी गई थी। अब स्टोर के पास सात लाख उत्तर पुस्तिका शेष है। परीक्षा को देखते हुए विश्वविद्यालय सभी केंद्रों पर उत्तर पुस्तिका और पेपर पहुंचाने के लिए 8 प्राइवेट वाहन लगाया है। स्टोर अधीक्षक रामसामुझ ने बताया कि महामारी के चलते सभी केंद्रो पर परीक्षा स्थगित कर दी गई थी। अब यह परीक्षा शुरू होने जा रही है। सभी केंद्रो पर उत्तर पुस्तिकाएं भेजी गई है।