जौनपुर। डीएम दिनेश कुमार सिंह ने शीतलहर और ठंड को देखते हुए जिले में सभी स्कूलों को 31 दिसंबर तक के लिए बंद रखने का आदेश दिया है। उन्होंने बताया कि कक्षा एक से 12 तक के सभी स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्र 31 दिसंबर तक बंद रहेंगे। बीएसए और डीआईओएस को इसका क्रियान्वयन कराने का निर्देश दिया है। इस दौरान कोई भी स्कूल खुला पाए जाने पर संबंधित प्रधानाचार्य और प्रबंधक पर कार्रवाई की जाएगी।
----
खुद जलवाया अलाव
महराजगंज/सिंगरामऊ। भीषण ठंड से लोगो का जीना दूभर हो गया है। रविवार को लोग स्वेटर, जैकेट और शॉल में लिपटे नजर आए। सर्द हवा ने खूब झकझोरा। सिंगरामऊ बाजार स्थित महाकाली मंदिर पर ही अलाव तापने की व्यवस्था हो पाई है। उधर, महराजगंज में केवटली निवासी ओमप्रकाश (पिंटू) ने केवटली डेल्हूपुर ग्राम सभा में रविवार की सुबह डेल्हुपूर चौराहा, गौतम बस्ती, केवटली पानी की टंकी के पास सहित चौदह जगह पर अलाव की व्यवस्था करवाई।
----
नगर मे 42 स्थानों पर जल रहे अलाव
मुंगराबादशाहपुर। भीषण ठंड व शीतलहर से बचाव के लिए नगर पालिका परिषद ने 42 स्थानों पर अलाव की व्यवस्था की है। नगर पालिका अध्यक्ष शिव गोविंद साहू और ईओ मीनाक्षी चतुर्वेदी ने बताया कि रेलवे स्टेशन, रोडवेज बस स्टैंड, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, नगर पालिका परिसर के साथ ही काली जी मंदिर, जामा मस्जिद, बेलवार तिराहा, गजराजगंज तिराहा, स्टेशन रोड, सब्जी मंडी, जंघई रोड पर प्राइवेट वाहन अड्डा, मंडी समिति सहित नगर के प्रमुख स्थानों पर अलाव जलवाए जा रहे हैं। नगर पालिका परिसर एवं स्टेशन रोड पर रैन बसेरा बनवाया गया है।
---
नहीं जले अलाव, लोगो को दिक्कत
मीरगंज। स्थानीय क्षेत्र के बंधवा बाजार, अदारी, बरावा बाजार, गोधना बाजार, किसुनदासपुर, जंघई, बभनियांव तिराहा, अगहुआ बाजार, किसान नगर, मीरपुर सब्जी मंडी, मीरगंज बाजार, जरौना, कसेरवा, बसेरवा बाजार, रामपुर खुर्द आदि स्थानों पर अलाव की व्यवस्था नहीं की गई है। इससे राहगीरों और बाजारवासियों को सर्दी से ठिठुरना पड़ रहा है। लोगों में प्रशासन के प्रति नाराजगी है।
---