जौनपुर। भाई को छुड़ाने थाने पहुंचे अधिवक्ता का चालान किए जाने से क्षुब्ध बार एसोसिएशन ने बुधवार को बैठक कर निंदा प्रस्ताव पारित किया। घटना के विरोध में न्यायिक कार्य से विरत रहे। एसपी और डीएम को प्रार्थना पत्र देकर आरोपी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की।
सरायख्वाजा थाना क्षेत्र निवासी दीवानी न्यायालय के अधिवक्ता राजेश वर्मा का आरोप है कि हाईकोर्ट के निर्देश पर उनका भाई भूमिधरी पर निर्माण कर रहा था। सरायख्वाजा पुलिस उसे पकड़ कर थाने पर ले गई। अधिवक्ता उस समय दीवानी न्यायालय में थे। उन्होंने थाना सराय ख्वाजा में फोन किया तो पुलिस ने उन्हें थाने आकर अपने भाई को ले जाने की बात कही। जब वह थाने पहुंचे तो उन्हें हिरासत में ले लिया गया। अभद्रता करते हुए शांति भंग में चालान कर दिया। बार एसोसिएशन ने अध्यक्ष बृजनाथ पाठक की अध्यक्षता में बैठक कर घटना की निंदा की। प्रस्ताव पारित कर न्यायिक कार्य से विरत रहने का फैसला लिया। डीएम-एसपी को ज्ञापन भेेजा। अध्यक्ष ने बताया कि पुलिस का रवैया निंदनीय है। डीएम-एसपी से जांच कर कार्रवाई की मांग की गई है। न्याय न मिलने पर संघ अगला कदम उठाएगा।