जौनपुर। जिले में कोरोना एक और मौत हुई है। सिकरारा निवासी अधिवक्ता ने लखनऊ में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। अब कोरोना से मरने वालों की संख्या 65 हो गई है। शनिवार को 31 नए पॉजिटिव केस भी आए, जबकि 40 मरीज ठीक होकर घर गए। नए मरीजों के बाद अब पॉजिटिव केस की कुल संख्या 4995 हो गई है। इसमें 714 केस एक्टिव हैं।
सिकरारा क्षेत्र निवासी अधिवक्ता (55) की तबीयत खराब होने पर परिवार के लोग प्रयागराज ले गए। वहां से उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया गया था। उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। नए मरीजों की पहचान के लिए जिला अस्पताल सहित सभी ब्लाक स्तरीय सीएचसी-पीएचसी पर कैंप लगाकर जांच की गई। मछलीशहर सीएचसी की टीम ने मीरपुर गोपपुर गांव में घर-घर जाकर लोगों की स्वास्थ्य जांच की। 49 घरों के 258 लोगों की स्क्रीनिंग की गई। खुटहन क्षेत्र के उसरौली, शहाबुद्दीनपुर गांव में 25 लोगों का नमूना लेकर जांच के लिए भेजा गया। सीएचसी अधीक्षक डॉ. राजेश रावत के नेतृत्व वाली टीम में लैब टेक्नीशियन आशीष यादव, अभिषेक, प्रदीप कुमार, बीपीएम राजेश, आशा सीमा देवी आदि शामिल रहे। इसी क्रम में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सुजानगंज पर लगाए गए शिविर में कुल 78 लोगों की जांच की गई। डीएम दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि शनिवार को 2094 सैंपल के नतीजे आए। इसमें 31 पॉजिटिव हैं। पहले से भर्ती 40 मरीज स्वस्थ होकर घर गए। नए 2067 सैंपल लिए गए। इसे मिलाकर अब तक 149770 सैंपल लिए जा चुके हैं, जिसमें 148553 का रिजल्ट आ गया है।