बदलापुर/मछलीशहर। वाराणसी मंडल के अपर आयुक्त जितेंद्र मोहन सिंह ने बृहस्पतिवार को मछलीशहर और बदलापुर तहसील का वार्षिक निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान पाई गई खामियों को ठीक करने के लिए एसडीएम को निर्देशित किया।
उन्होंने तहसील से संबंधित राजस्व अभिलेख, दस बड़े बकाएदारों की सूची, विभिन्न न्यायालयों में चल रहे लंबित मुकदमों के निस्तारण की प्रगति का जायजा लिया। आरसी जारी होने के बाद भी वसूली की प्रगति ठीक न होने पर नाराजगी जताई। उन्होंने ज्यादा दिनों से लंबित मुकदमों के निस्तारण तत्काल कराने की हिदायत दी। विभिन्न देय वसूली की प्रगति की जानकारी ली। इस मौके पर एसडीएम कौशलेश कुमार मिश्र और तहसीलदार अजय पांडेय मौजूद रहे। इसके बाद वह ब्लाक के बदलापुर खुर्द में बने अटल मनरेगा पार्क पहुंचे। पार्क को देख प्रफुल्लित अपर आयुक्त ने बीडीओ गौर्वेंद्र सिंह की सराहना की। नगर पंचायत कार्यालय के निरीक्षण में पंद्रह दिन के भीतर परिसंपत्तियों का सत्यापन करने और भवन कर वसूली कर आय में वृद्धि का निर्देश दिया। इस दौरान ईओ डॉ. महेंद्र, चेयरमैन प्रतिनिधि उमेश सरोज आदि मौजूद रहे। उधर, मछलीशहर में नगर पंचायत कार्यालय का निरीक्षण किया। जन्म-मृत्यु, आईजीआरएस, सूचना अधिकार आदि के संदर्भों की समीक्षा की। शिकायतों कागुणवत्ता पूर्वक निस्तारण कराने का निर्देश दिया। नगर पंचायत में स्व कर प्रणाली लागू करने के साथ आय में वृद्धि करने का भी निर्देश ईओ अनिल कुमार सिंह को दिया। निरीक्षण के दौरान चेयरमैन पति महमूद आलम, लिपिक प्रवेश सिंह, टीसी मनोज चौरसिया आदि मौजूद रहे।