सिकरारा, मृतक महेंद्र गौड़ (फाइल फोटो)-स्त्रोत परिजन
सिकरारा। शीतलगंज मार्ग पर पांडेयपुर गांव के पास बृहस्पतिवार की रात हसनपुर से एक रिश्तेदार की तेरहवीं से लौट रहा बाइक सवार जंगली जानवर से बचने के प्रयास में बिजली के खंभे से टकराकर गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया। हालत बिगड़ने पर परिजन वाराणसी ले जा रहे थे लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई। बक्शा थानाक्षेत्र के डीह जहनिया गांव निवासी महेंद्र गौड़ (42) बृहस्पतिवार को स्थानीय थानाक्षेत्र के हसनपुर गांव की रिश्तेदारी में पड़ी तेरहवीं से घर लौट रहा था। पांडेयपुर के पास अचानक सामने आए एक जंगली जानवर से बचने के चक्कर में वह सड़क किनारे स्थित एक बिजली के खंभे से टकराकर घायल हो गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसको जिला अस्पताल भेजवाया। वहां हालत गंभीर होते देख परिजन बेहतर इलाज के लिए वाराणसी ले जा रहे थे कि रास्ते में उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सिकरारा थाना प्रभारी यूपी सिंह ने बताया कि घायल युवक को गंभीर हालत में अस्पताल भेजा गया था। वाराणसी जाते समय उसकी मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।