बक्शा। नौपेड़वा बाजार के यादवेश इंटर कालेज में खेली गई क्रिकेट प्रतियोगिता के फाइनल मैच में मुगलसराय की टीम ने मेजबान कान्हापुर को तीन विकेट से हरा कर खिताब पर कब्जा कर लिया। विजेता टीम का फैसला बेस्ट आफ थ्री मुकाबले में हुआ। बेस्ट आफ थ्री मुकाबले में मुगलसराय ने 2-1 की लीड लेकर ट्राफी जीती। मिथिलेश को नाबाद 42 रन की पारी खेलने पर मैन आफ द मैच चुना गया।
यादवेश इंटर कालेज में बुधवार को कान्हापुर की आयुष कालेज न्यू स्टार क्लब और मुगलसराय न्यू स्टार क्रिकेट क्लब के बीच खिताबी जंग हुई। बेस्ट आफ थ्री के पहले मुकाबले में कान्हापुर ने पहला मैच जीत लिया और 1-0 की लीड ले ली। दूसरा मैच मुगलसराय ने जीतकर 1-1 की बराबरी कर ली। निर्णायक मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए कान्हापुर की टीम ने दस ओवर में 84 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुगलसराय की टीम ने तीन विकेट के नुकसान पर 9.4 ओवर में ही लक्ष्य को हासिल कर लिया। मुगलसराय की ओर से मिथिलेश ने नाबाद 42 रन की शानदार पारी खेली। इस पारी के लिए उन्हें मैन आफ द मैच चुना गया। मैन आफ द सिरीज संदीप यादव को मिला। विजेता टीम के कप्तान राजेश कुमार को मुख्य अतिथि मनोज कुमार यादव ने ट्राफी और 21 हजार रुपये नकद राशि दिए। वहीं उपविजेता टीम के कप्तान संदीप यादव को ट्राफी और 11 हजार नकद पुरस्कार दिया गया। अंपायर की भूमिका मनोज और विकास यादव ने निभाई। कमेंटेटर संजय सिंह और मंगला यादव रहे। इस मौके पर अमरीश यादव, दीपू यादव, मंगल सिंह आदि मौजूद रहे।