जौनपुर। उत्तर प्रदेश विद्यालय निरीक्षक संघ की बैठक में गाजीपुर के खंड शिक्षा अधिकारी की हुई हत्या की निंदा करते हुए उनके परिजनों को दो करोड़ की आर्थिक सहायता और उनकी पत्नी को राजपत्रित अधिकारी के पद पर तैनाती की मांग की गई है। बैठक बुधवार की शाम को बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय में आयोजित की गई थी।
संगठन के जिलाध्यक्ष अशोक यादव की अध्यक्षता में हुई बैठक में जिले भर के खंड शिक्षाधिकारी मौजूद थे। खंड शिक्षाधिकारियों ने कहा कि हत्यारों को गिरफ्तार कर उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाए और मारे गए खंड शिक्षा अधिकारी के परिजनों को दो करोड़ रुपये की आर्थिक मदद प्रदान की जाए और घटना की सीबीआई जांच कराई जाए। कहा कि मारे गए खंड शिक्षा अधिकारी की पत्नी राजपत्रित अधिकारी के पद पर तैनात होने योग्य हैं इस लिए उन्हें किसी राजपत्रित अधिकारी के पद पर तैनात किया जाना चाहिए। बैठक में तय किया गया कि यहां से एक प्रतिनिधि हत्या के शिकार खंड शिक्षा अधिकारी के घर जाएंगे। इस मौके पर संगठन मंत्री महेंद्र मौर्य, आरपी यादव, ममता सरकार, विश्वजीत कुमार, शैलपति यादव, संजीव सिंह, गुलाब सरोज, रमाकांत पासवान, बसंत शुक्ला, चंद्रशेखर यादव आदि मौजूद थे।