किसान इस साल अच्छी बारिश होने के अनुमान को देखते हुए पिछले साल की अपेक्षा अधिक क्षेत्रफल में धान की खेती करने की तैयारी में हैं। अभी तक 70 हजार हेक्टेयर में रोपाई हो चुकी है। पिछले वर्ष धान की रोपाई के लिए किसान पूरी तैयारी किए थे।
इस दौरान एक लाख 45 हजार हेक्टेयर में धान की रोपाई का लक्ष्य रखा गया था। जिस पर किसानों ने धान की रोपाई की थी। लेकिन सूखा पड़ने के कारण किसानों को मुंह की खानी पड़ी थी। 19 कुंतल प्रति हेक्टेयर की दर से धान की पैदावार हुई थी, जो किसानों की कमर तोड़ने में काफी थी।
लेकिन इस वर्ष समय से बारिश होने से किसानों ने अधिक से अधिक धान की रोपाई करने की तैयारी किए हुए हैं। इसके लिए समय से नर्सरी डालने से लेकर रोपाई करने की सारी तैयारी कर चुके हैं। अभी तक 70 हजार हेक्टेयर में धान की रोपाई हो चुकी है।
अभी भी 76 हजार 622 हेक्टेयर में धान की रोपाई किया जाना बाकी है। अच्छी बारिश होने के अनुमान से ही पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष एक हजार 622 हेक्टेयर में अधिक धान की रोपाई होना है। बता दें कि पिछले वर्ष धान की रोपाई एक लाख 45 हजार हेक्टेयर में की गई थी। वहीं इस वर्ष एक लाख 46 हजार 622 हेक्टेयर में धान की रोपाई की जानी है।