बदलापुर विधानसभा के 400 गांवों में 24 घंटे बिजली गुरुवार की रात 12 बजे के बाद मिलनी शुरू हो गई है। पूर्वांचल में पहला बदलापुर विधानसभा क्षेत्र है जहां तीसरी बार 24 घंटे बिजली देने का आदेश हुआ है।
इसके लिए आवास िवकास परिषद के उपाध्यक्ष अरुण दुबे और स्थानीय विधायक ओमप्रकाश दुबे बाबा ने मुख्यमंत्री से मांग की थी। उनकी मांग पर मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के निर्देश पर 24 घंटे बिजली मिलनी शुरू हो गई है।
बदलापुर विधानसभा इस मायने में भी वीआईपी क्षेत्र हो गया है क्योंकि यहां वाईफाई की सुविधा भी लोगों को मुफ्त में मिल रही है। इसके अलावा पिछले तीन सालों से जब भी खेती किसानी का समय आता है तो लोगों को 24 घंटे की आपूर्ति होती है।
विधानसभा क्षेत्र में आधा दर्जन से अधिक विद्युत उपकेंद्र हैं। जहां से महराजगंज, बदलापुर, बक्शा विकास खंड के कुल 400 से अधिक गांवों में आपूर्ति की जाती है। अब यहां के किसानों के लिए खेती आसान हो जाएगी और वह ट्यूबवेल से पानी भरकर धान की रोपाई समय से कर सकेंगे।
जहां अन्य विधायक और मंत्री सड़क और विद्युतीकरण की मांग मुख्यमंत्री से करते हैं वहीं बदलापुर के विधायक ने अनवरत विद्युत आपूर्ति की मांग कर एक नया संदेश दिया है। वैसे इसका विरोध भी अन्य मंत्री और विधायक अभी से करने लगे हैं।
एसडीओ हरीश प्रजापति का कहना है कि गुरुवार की 12 बजे के बाद कटौती मुक्त करने आदेश हुआ है। आदेश में कहा गया है कि अग्रिम आदेश तक बदलापुर को कटौती मुक्त किया जाए। उन्होंने कहा कि इस विधानसभा में बिजली का करीब पांच करोड़ रुपये बकाया है।
उधर, बदलापुर के विधायक ओमप्रकाश दुबे बाबा का कहना है कि हम क्षेत्र के लोगों के लिए बिजली हर साल मांगते हैं। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव किसानों की भलाई के लिए 24 घंटे आपूर्ति दिलाते हैं। इसके लिए पूरा इलाका उनका आभारी है।