जौनपुर। महाकुंंभ में डिपो की अधिकांश बसें भेज दिए जाने का खामियाजा अन्य मार्गों पर जाने वाले यात्रियों को भुगतना पड़ रहा है। बीते एक सप्ताह से वाराणसी-लखनऊ, कानपुर, मिर्जापुर समेत अन्य जगहों पर बसों का संचालन में कमी आने से यात्रियों को अपने गतंव्य स्थानों पर समय से पहुंचने में परेशानी हो रही है।
जौनपुर डिपो में वर्तमान में 67 बसों का संचालन किया जा रहा है। माघ पूर्णिमा के चलते परिवहन निगम की 55 बसें महाकुंभ में भेज दी गईं हैं। शेष 12 बसों को अन्य मार्गों पर संचालन किया जा रहा है। ऐसे में लखनऊत- वाराणसी, गोरखपुर, आजमगढ़, शाहगंज, सुल्तानपुर, मिर्जापुर समेत अन्य मार्गों पर बसों की संख्या कम हो गई है। ऐसे में जो यात्री इन रूटों पर जाने वाले हैं, उनकी परेशानी बढ़ गई है। ऐसे में वह कई जगह से साधन बदल-बदलकर कर अपनी यात्रा पूरी कर रहे हैं।
बृहस्पतिवार को रोडवेज बस के इंतजार में खड़ी पूनम तिवारी ने बताया है कि बक्शा से आई हूं पति लखनऊ में नौकरी करते है वहां जाने के लिए डेढ़ घंटे से रोडवेज बस का इंतजार कर रही हूं। सुरेश कुमार ने बताया कि सिंगरामऊ से जौनपुर दवा लेने के लिए आया था वापस लौटना है एक घंटे से डिपो में बस का इंतजार कर रहा हूं। अभी तक बसें नहीं आई। शुभम तिवारी ने बताया मिर्जापुर जाने के लिए दो घंटे से बस का इंतजार कर रहा हूं।
माघ पूर्णिमा स्नान पर्व के लिए 55 बसों को महाकुंभ प्रयागराज भेजा गया है। कुछ जगहों पर जाम लग जा रहा है,जिससे बसें समय से नहीं पहुंच पा रही है। बसों की वापसी के बाद सभी मार्गों पर बसों की संख्या बढ़ा दी जाएगी।
प्रदीप श्रीवास्तव, डिपो इंचार्ज जौनपुर।