जलालपुर, डा.के इंजेक्शन से मृत मासूम की फाइल फोटो। स्रोत-परिजन
जलालपुर। क्षेत्र के पराऊगंज बाजार स्थित एक क्लीनिक में सोमवार की रात पांच वर्षीय मासूम को इंजेक्शन लगाने के बाद उसकी हालत बिगड़ गई। परिजन उसे लेकर जौनपुर जाने लगे, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई। इससे आक्रोशित परिजनों ने पराऊगंज बाजार में शव रखकर प्रदर्शन किया, जिससे केराकत जलालपुर मार्ग पर यातायात बाधित हो गया। बाद में पुलिस ने परिजनों को समझाया और आरोपी डॉक्टर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। केराकत थाना क्षेत्र के छतरीपुर गांव निवासी सतीश विश्वकर्मा के पांच साल के बेटे ओम विश्वकर्मा को तेज बुखार आ रहा था। सोमवार को रात 11 बजे परिजन उसे लेकर पराऊगंज बाजार स्थित शिवम क्लीनिक पहुंचे, जहां डॉक्टर ने बच्चे को इंजेक्शन लगाया।
इसके कुछ देर बाद बच्चे की हालत बिगड़ने लगी। इस पर डॉक्टर ने परिजनों से कहा कि बच्चे की हालत सीरियस है, आप लोग किसी दूसरे डॉक्टर के पास जाइए। बच्चे को लेकर परिजन जौनपुर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में उसकी की मौत हो गई। परिजनों ने वापस आकर हंगामा करने लगे।
उन्होंने पराऊगंज बाजार में शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया, जिससे जलालपुर केराकत मार्ग 15 मिनट जाम रहा। उन्होंने आरोप लगाया कि डॉक्टर ने बच्चे को गलत इंजेक्शन लगा दिया था, जिसके कारण उसकी जान चली गई।
घटना की जानकारी पाकर मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी प्रशांत सिंह ने परिजनों को समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। थाना प्रभारी ने बताया कि बच्चे की बुआ की तहरीर पर आरोपी डॉक्टर बीआर यादव के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।