राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा रविवार को जिले के नौ केंद्रों पर हुई। परीक्षा के लिए कुल 4082 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। इनमें से 488 ने परीक्षा छोड़ दी। सभी केंद्रों पर नोडल अधिकारी की निगरानी में परीक्षा कराई गई।
नोडल अधिकारी राजेश कुमार विश्वकर्मा ने बताया कि सभी केंद्रों पर सुबह 10 बजे से एक बजे तक परीक्षा कराई गई। इसमें 488 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज केंद्र पर 440 अभ्यर्थियों में से 60 अनुपस्थित रहे। इसी प्रकार शिया इंटर कॉलेज केंद्र पर 438 में से 62, राजा श्रीकृष्ण दत्त इंटर कॉलेज में 450 में 50, नगर पालिका इंटर कॉलेज में 444 में 56, मोहम्मद हसन इंटर कॉलेज में 516 में 54, सरस्वती बाल मंदिर इंटर कॉलेज केंद्र पर 455 में 45, जनक कुमारी इंटर कॉलेज 453 में 47, टीडी इंटर कॉलेज में 441 में 59 और बीआरपी इंटर कॉलेज में 445 में से 55 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। इस प्रकार कुल पंजीकृत 4082 अभ्यर्थियों में से 488 ने परीक्षा छोड़ी। परीक्षा में करीब 81 फीसदी परीक्षार्थी शामिल हुए। सभी केंद्रों पर परीक्षा की निगरानी के लिए केंद्र व्यवस्थापक बनाए गए थे।