जौनपुर। जिले में स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए ऊनी दरी की बुनाई का प्रशिक्षण शुरू किया जा रहा है।
इसके अंतर्गत 350 लोगों को प्रशिक्षण देने का लक्ष्य है। यह प्रशिक्षण स्थानीय युवाओं, महिलाओं और बेरोजगारों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
यह एक जिला एक उत्पाद के तहत उपायुक्त उद्योग कार्यालय में किया जाएगा। बाद में सभी को टूल किट भी बांजी जाएगी।
कार्यक्रम उपायुक्त उद्योग कार्यालय से संचालित किया जा रहा है। प्रशिक्षण 10 दिनों तक चलेगा। प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इच्छुक अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। हालांकि अभी प्रशिक्षण की तिथि नहीं तय की गई है।
चयनित अभ्यर्थियों को न केवल ऊनी दरी की बुनाई की तकनीकी जानकारी दी जाएगी, बल्कि उन्हें व्यावसायिक दृष्टिकोण से भी ट्रेनिंग दी जाएगी। इससे वे प्रशिक्षण के उपरांत स्वयं का उद्यम स्थापित कर सकें। स्वरोजगार की दिशा में कार्य कर सकें।
प्रशिक्षण की अवधि पूरी होने के बाद प्रतिभागियों को टूल किट भी दी जाएगी, इसमें दरी बनाने के लिए आवश्यक उपकरण और सामग्री शामिल होंगे।
इस पहल का उद्देश्य केवल कौशल विकास ही नहीं है, बल्कि ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में हस्तशिल्प और कुटीर उद्योग को फिर से जीवित करना भी है।
इस प्रशिक्षण से ट्रेनिंग में भाग लेने वाले प्रतिभागी आत्मनिर्भर बनेंगे। उन्हें रोजगार के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। वह स्वरोजगार भी हासिल कर सकेंगे।