जलालपुर। मड़ियाहू्-जलालपुर मार्ग पर पुरेवं बाजार स्थित पेट्रोल पंप के पास बुधवार रात 9 बजे अज्ञात ट्रक की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। बाइक पर सवार दूसरा व्यक्ति घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। भदोही के सुरियावां थाना के कांतीरामपुर निवासी कन्हैयालाल गोंड (42) बाइक से त्रिलोचन महादेव की तरफ से अपने गांव सुरियावां जा रहा थाा। ट्रक की चपेट में आने से कन्हैयालाल की मौके पर ही मौत हो गई। बाइक पर पीछे जीजा सुरेंद्र कुमार निवासी चित्र वैदिक थाना सुरियावां बाल-बाल बच गए। थानाध्यक्ष त्रिवेणी सिंह ने बताया कि मृतक के शव को पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर पीएम भेज दिया है। घटना के बाद चालक ट्रक लेकर जलालपुर की तरफ फरार हो गया। सूचना के बाद पुलिस ने ट्रक पकड़ने का प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिली। मृतक की तरफ से अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।