जौनपुर। हाईस्कूल और इंटर की बोर्ड परीक्षा के लिए बनाए गए केेंद्रों को लेकर कुल 307 आपत्तियां आई हैं। परीक्षा केंद्र दूर बनाए जाने पर 134 स्कूलों ने आपत्ति दर्ज कराई है और परीक्षा केंद्र बोर्ड के मानक के हिसाब से तय दायरे में बनाने की मांग की है।
परीक्षा केंद्रों की क्षमता से अधिक परीक्षार्थियों का आवंटन किए जाने पर 23 स्कूलों ने जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में आपत्ति जताई है। नए परीक्षा बनाने की मांग को लेकर 135 स्कूलों ने आपत्तियां दी हैं। परीक्षा केंद्र कटवाने के लिए राजकीय विद्यालयों समेत कुल 15 स्कूलों ने आपत्ति दाखिला किया है। बृहस्पतिवार को आपत्तियां दर्ज कराने का अंतिम दिन निर्धारित किया था। देर शाम तक स्कूलों से आई आपत्तियों को अलग किया गया।
डीआईओएस कार्यालय से बताया गया कि कुल 307 आपत्तियां आई है। जिसकी जांच कराई जाएगी। स्थलीय निरीक्षण के बाद ही तय हो पाएगा। जनपदीय समिति के अध्यक्ष व जिलाधिकारी अपने स्तर से परीक्षा केंद्रों के लिए जो आपत्तियां आईं हैं उसका निस्तारण कराया जाएगा।
सह जिला विद्यालय निरीक्षक राजीव रंजन मिश्र ने बताया कि सभी आपत्तियां जनपदीय समिति के अध्यक्ष व डीएम को भेज दी जाएगी। अध्यक्ष अपने स्तर से जांच कराकर उचित कार्रवाई करेंगे।