जौनपुर जिले के जफराबाद थाना क्षेत्र के पिंडरा गांव में गुरुवार रात राम जानकी मंदिर में से 300 साल पुरानी राधा कृष्ण की तीन बेशकीमती मूर्तियां चोरी हो गईं। घटना की जानकारी होने पर जफराबाद प्रभारी निरीक्षक रात में ही पहुंच गए। पुलिस जांच पड़ताल में लगी हुई है। शक के दायरे में गांव के दो लोगों को हिरासत में लिया गया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, जफराबाद थाना क्षेत्र के पिंडरा गांव में हीरादास मठ में लगभग 300 वर्ष पुराना राम जानकी मंदिर है। इस मंदिर में राधा कृष्ण की तीन बेशकीमती मूर्ति (जो अष्टधातु की बताई जाती हैं) स्थापित की गई थी। गुरुवार रात करीब 9 बजे मंदिर के पुजारी जिया लाल मौर्य ने देखा कि एक अज्ञात युवक मंदिर से कुछ सामान लेकर निकल रहा था।