जौनपुर। दवा विक्रेता के पुत्र और भाभी समेत बुधवार को कोरोना के 17 नए मरीज मिले हैं। पीड़ितों में पांच शहर के विभिन्न मोहल्लों के है। सभी को होम आइसोलेशन में रखा गया है। नए मरीजों के बाद कोरोना पॉजिटिव केस की संख्या 5977 हो गई है। इसमें 88 मरीजों की अब तक मौत हो चुकी है, जबकि 5735 स्वस्थ हो चुके हैं।
शहर के गंगापट्टी मोहल्ला निवासी एक व्यक्ति की रुहट्टा में थोक दवा की दुकान है। एक सप्ताह पूर्व उन्हें सर्दी-खांसी और बुखार की शिकायत पर घरवालों ने कोरोना जांच कराई। रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर उन्हें एल-2 अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनके संपर्क में आए परिवार के अन्य सदस्यों की जांच हुई तो पुत्र (16) और भाभी (58) की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई। हालांकि दोनों में कोई लक्षण नहीं थे। उन्हें होम आइसोलेशन में रखा गया है। इनके अलावा शहर के अहियापुर निवासी किशोरी, वाजिदपुर व भंडारी स्टेशन निवासी एक युवक भी कोरोना से संक्रमित पाए गए है। खुटहन ब्लाक के मंगलपुर, सिकरारा के विशुनपुर, सुजानगंज के बेलवार, पीथापुर में भी नए मरीज मरीज मिले हैं। उधर, सीएचसी मछलीशहर की टीम ने डॉ. बीएल यादव के नेतृत्व में बुधवार को मीरगंज बाजार में शॉपिंग मार्ट, कपड़ा व दीपावली से संबंधित सामानों के दुकानदारों की जांच की। कुल 28 लोगों के सैंपल लेकर जांच को भेजे गए। टीम में संजीव कुमार सरोज, अनिल सिंह, रवि प्रजापति, सिराज अहमद,अजय सिंह आदि मौजूद रहे। डीएम दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि बुधवार को 2171 सैंपल की रिपोर्ट में 17 नए मरीज मिले, जबकि पहले के 17 मरीज स्वस्थ हुए। अभियान के दौरान 1759 नए सैंपल भी लिए गए है। अब तक 227184 सैंपल लिए जा चुके हैं, जिसमें 225835 की रिपोर्ट आ चुकी है।