जौनपुर। जिले में एक लाख 57 हजार 948 पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ नहीं मिल रहा था। इसका खुलासा सर्वे के दौरान हुआ। इन लोगों के सर्वे का काम जिला प्रशासन पूरा कर लिया है। इन पात्रों का नाम कंप्यूटर में फीड करने का कार्य किया जा रहा है। अभी तक एक लाख 5 हजार 686 पात्र लोगों के नाम फीड किए जा चुके हैं।फीडिंग का कार्य पूरा होने के बाद इनको योजनाओं से लाभांवित करने का कार्य किया जाएगा।
योजनाओं का लाभ पाने से कोई भी पात्र व्यक्ति वंचित न रहे। साथ ही सभी पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ मिल सके।इसके लिए प्रदेश सरकार द्वा रा आठ योजनाओं का लाभ पाने से वंचित पात्र लाभार्थियों का सर्वे करने और लाभांवित करने का निर्देश दिया है। जिसमें विधवा पेंशन, वृद्घा पेंशन, दिव्यांग पेंशन, अंत्योदय राशन कार्ड, पात्र गृहस्थी राशन कार्ड, मुख्यमंत्री आवास योजना प्रधानमंत्री आवास योजना व राष्ट्रीय स्वास्थ्य सुरक्षा योजना है। जिसके क्रम में जिला प्रशासन द्वारा इन योजनाओं का लाभ पाने से वंचित लाभार्थियों के चयन का कार्य शुरू किया गया। इसके लिए अधिकारियों व कर्मचारियों को लगाकर सर्वे कराया गया। सर्वे के बाद आठों योजनाओं का लाभ नहीं पाने वाले एक लाख 57 हजार 948 पात्र लोग मिले। जिनका नाम कंप्यूटर में फीड करने का कार्य शुरु कर दिया गया है। अभी तक एक लाख 5 हजार 686 पात्र लोगों के नाम फीड किए जा चुके हैं। अभी भी 52 हजार 262 का फीडिंग नहीं हो पाया है।
पहले 2011 की जनगणना के अनुसार जो लोग गरीबी रेखा के नीचे थे, उन्हें मानक के अनुसार विभिन्न योजनाओं का लाभ दिया गया। उसके बाद जो लोग इस श्रेणी में थे उन्हें लाभ नहीं मिल पाया था। सर्वे के दौरान आठ योजनाओं का लाभ नहीं पाने वाले 157948 नए लाभार्थी मिले हैं। उनका विवरण फीड किया जा रहा है। उसके बाद लाभ दिया जाएगा।-दयाराम, जिला विकास अधिकारी