रामपुर। विकासखंड के ग्राम सभा भानपुर में तैनात दो सफाई कर्मियों के बावजूद कोई भी सफाई कर्मी गांव में नहीं दिखता। सफाई कर्मियों के गांव में नहीं आने के कारण चारों तरफ गंदगी का अंबार लगा हुआ है। इससे ग्रामीणों में संक्रामक रोग फैलने की आशंका है। नाराज ग्रामीणों ने सफाई कर्मियों की शिकायत ग्राम विकास अधिकारी सुुशांत शुक्ला एवं बीडीओ से की है।
ग्रामीण कल्लू, जितेंद्र, संतोष, आदि लोगों की मानें तो गांव में स्थित स्कूल, अस्पताल, व पंचायत भवन के चारों तरफ गंदगी का अंबार लगा हुआ है। वहीं गांव में जल निकासी को लेकर बने नाली पूर्ण रूप से जाम हो चुके हैं। उधर ग्राम विकास अधिकारी सुशांत शुक्ला ने बताया कि गांव में तो सफाई कर्मियों की तैनाती की गई है लेकिन उसके बावजूद डेढ़ महीने से गांव में कोई भी सफाई कर्मी नहीं दिखता। ग्रामीणों की शिकायत को उच्च अधिकारियों तक पहुंचा दी गई है। उच्चाधिकारियों द्वारा सफाई कर्मियों के खिलाफ जल्द ही आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
मुंगराबादशाहपुर। पवांरा के सरांवा गांव स्थित शहीद लाल बहादुर गुप्त स्मारक पर रविवार को हिन्दुस्तान सोशलिस्ट रिपब्लिकंन आर्मी व लक्ष्मीबाई ब्रिगेड के कार्यकर्ताओं ने स्वतंत्रता सेनानी वीरांगना अरुणा आसफ अली की 22 वीं पुण्यतिथि मनाई गई। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने शहीद स्मारक मोमबत्ती व अगरबत्ती जलाकर दो मिनट का मौन रख कर श्रंद्धाजलि दी। लक्ष्मीबाई ब्रिगेड की अध्यक्ष मंजीत कौर ने कहा कि वीरांगना अरुणा आसफ अली ने 1942 में अगस्त क्रांति की शुरुआत की थी। देश की आजादी की लड़ाई में उन्होंने बढ़-चढ़ कर भाग लिया था। 1996 में वह इस संसार से हमेशा के लिए चली गई। इस अवसर पर डा. धरम सिंह, अनिरुद्ध सिंह, मैनेजर पांडेय, मंजीत कौर आदि मौजूद रहे।