जौनपुर। बरसात नजदीक है। इसके बाद भी पालिका प्रशासन पानी निकासी की मुकम्मल व्यवस्था अभी नहीं कर पाया है। बरसात में जल निकासी की व्यवस्था ठीक करने के लिए अभी तक न तो उसके द्वारा नालों की सफाई कराई गई है और न ही मोहल्लों में व्याप्त नालियों की सफाई कराई गई है। वहीं टूटी नालियों को भी नहीं बनवाया जा रहा है। अगर समय रहते पालिका प्रशासन नहीं चेता तो शहरवासियों को मुसीबतों का सामना करना पड़ेगा।
नगर पालिका में कुल 39 वार्ड हैं। जिसकी आबादी दो लाख 42 हजार है। इन वार्डों में पानी निकासी के लिए छोटे बड़े कुल 31 नाले हैं जिसमें भैसासुर, ईशापुर, तूतीपुर, खासनपुर, आबकारी रोड, नईगंज, जोगियापुर व कालीकुत्ती आदि स्थानों के नाले शामिल हैं। कई नाले खुले व क्षतिग्रस्त हैं तो अधिकांश जाम हैं। सिपाह रेलवे क्रासिंग से पहले बना नाला खुला होने के साथ ही टूटा भी है और उसकी सफाई भी नहीं हुई है। यही हाल भैसासुर नाले का भी है। मुहल्लों में बनी नालियों की बात करें तो अधिकांश मुहल्लों की नालियां टूटी व जाम पड़ी हैं। जिसमें हुसैनाबाद सामुदायिक भवन के पीछे, तारापुर कालोनी, शेखपुर तिराहा, मैहर देवी, अहमद खां मंडी आदि मुहल्लों में बनी कालोनियां सफाई के अभाव में या तो जाम पड़ी हुई हैं या फिर टूटी हैं जिससे गंदा पानी मोहल्लों में फैल रहा है। लेकिन नगर पालिका प्रशासन द्वारा अभी तक टूटी नाली व नालों को बनाने और सफाई कराने का कार्य नहीं किया गया है। जबकि मानसून भी सर पर है। अगर नगर पालिका प्रशासन समय द्वारा पहले इसकी सफाई व बनाने का कार्य नहीं किया गया तो पिछले वर्ष की भांति इस साल भी शहरवासियों को दिक्कत का सामना करना पड़ेगा। उनके घरों में बारिश व नालियों का गंदा पानी घुसेगा।
जौनपुर। नगर पालिका में नए बने आठ वार्डों सैदनपुर, हरदीपुर, डेरा यूसुफ, गंगापट्टी, देवचंदपुर, चांदपुर, मीरपुर व कलीचाबाद में अभी नगर पालिका द्वारा कार्य कराने के लिए अभी तक कोई तैयारी नहीं की गई है। इन वार्डो में जल निकासी की पर्याप्त सुविधा नहीं है। नालियां भी जाम व टूटी पड़ी हैं। जिससे गंदा पानी वार्ड में भी फैल रहा है। अगर बारिश हुई तो इन सभी मुहल्लों में भारी जल जमाव होगा।
एक -दो दिन में नालों व नालियों के सफाई का कार्य शुरू करा दिया जाएगा। इसकी तैयारी पूरी कर ली गई है। इसके लिए सभी सफाई कर्मियों सहित इंस्पेक्टरों को निर्देश भी दिया जा चुका है। नए वार्डो में भी शीघ्र ही जल निकासी की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। नालियों की मरम्मत भी कराई जाएगी।
कृष्णचंद्र
अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका