जौनपुर। शहर से सटा सिद्दीकपुर इलाका नया शहर के रूप में बसने लगा है। इस इलाके में जहां पूर्वांचल विश्वविद्यालय स्थापित है वहीं राजकीय एलोपैथिक मेडिकल कालेज भी मार्च 2019 के बाद बन कर तैयार हो जाएगा। तेजी के साथ इस इलाके में कालोनियां भी बसने लगी हैं। वहीं कुत्तूपुर से कलीचाबाद तक बाईपास बनने के बाद आजमगढ़ की तरफ से आने वाले लोग बिना शहर में आए इस इलाके से इलाहाबाद, सुल्तानपुर, प्रतापगढ़, रायबरेली, मिर्जापुर की तरफ निकल जाएंगे।
सिद्दीकपुर इलाका कुत्तूपुर चौराहे से ही शुरू हो जा रहा है। पचहटियां से लेकर सिद्दीकपुर तक के इलाके में जहां कई अच्छे होटल हैं। वहीं पूर्वांचल विश्वविद्यालय, राजकीय एलोपैथिक मेडिकल कालेज, राजकीय आईटीआई कालेेज और जिले का ऐतिहासिक मंदिर मां शीतला चौकियां धाम स्थापित हैंँ। फायर ब्रिगेड का कार्यालय भी इसी इलाके में स्थापित हो गया है। कई अच्छे डाक्टरों के नर्सिंग होम, नर्सेज कालेज, कोल्ड स्टोरेज, जिले के अच्छे स्कूली इसी इलाके में खुल गए हैं। जिसकी वजह से धीरे-धीरे यह इलाका नए शहर के रूप में विकसित होने लगा है। दो रेलवे क्रासिंग पर ओवरब्रिज निर्माण की भी कवायदें शुरू हो गई हैं। इस इलाके से होकर लुंबिनी-दुद्घी मार्ग भी तेजी से बन रहा है। फैजाबाद, अंबेडकरनगर, सुल्तानपुर, लखनऊ जाने वाले लोग भी इसी इलाके से होकर गुजरते हैं। सब कुछ ठीक रहा तो जिले के लोगों को राजकीय एलोपैथिक मेडिकल कालेज की सौगात मार्च 2019 के बाद मिल जाएगी। मेडिकल कालेज का भवन तैयार होने के बाद यहां मेडिकल की पढ़ाई भी वर्ष 2019 से शुरू होने की संभावना है। इसके बन जान के बाद आजमगढ़, जौनपुर, अंबेडकरनगर, सुल्तानपुर के लोगों को बेहतर चिकित्सकीय सुविधाएं मुहैया हो सकेगी।