काली पट्टी बांध कर प्रदर्शन करते अमीन
जौनपुर। समस्याओं को जान बूझकर उलझाने को लेकर राजस्व संग्रह अमीन संघ की ओर से तीसरे दिन भी शनिवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित अपने कार्यालय में बाजू पर काली पट्टी बांधकर सांकेतिक विरोध करते हुए काम किया। इस दौरान 11 सूत्रीय मांगों को पूरा करने की मांग की। साथ ही मांग पूरी नहीं होने पर बड़ा आंदोलन करने की चेतावनी दी।
अध्यक्ष बदरे आलम ने कहा कि अमीन संघ हमेशा से ही समस्याओं का हल शांति पूर्ण वार्ता के माध्यम से निकालने का हामी रहा है लेकिन उच्च स्तरीय बैठक के बाद निर्गत की गई कार्यवृत्ति व समय-समय पर ध्यानाकर्षण कराने के बाद सुनवाई नहीं हुई। इसके चलते आंदोलन करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि आठ माह के बाद भी मांग पूरी नहीं होने पर सदस्यों में रोष व्याप्त है। उन्होंने जल्द से जल्द 11 सूत्री मांगों पूरा करने की मांग की। ऐसा नहीं होने पर बड़ा आंदोलन करने की चेतावनी दी। सांकेतिक विरोध करने वालों में मधुकर द्विवेदी, सुभाषचंद्र, हरिभुवन शुक्ला, दिवाकर सिंह, साहबलाल मौर्य, राजविहारी आदि रहे।