थानागद्दी। चंदवक थाना क्षेत्र के बरामनपुर गांव में शनिवार की रात आए तस्करों ने दो कीमती भैंस पिकअप पर लाद ले गए। विरोध करने पर पशु पालक की पिर्टाई कर घायल कर दिया। शोर सुनकर पहुंची महिला को भी पीट दिया और उसके गले से मंगलसूत्र छीनकर तस्कर फरार हो गए।
बरामनपुर गांव में मोढ़ैला रतनूपुर मुख्य मार्ग पर संगराम यादव के घर के सामने बंधी भैंस को शनिवार की रात करीब दो बजे पशु तस्कर पिकअप पर लाद रहे थे। इसी दौरान संग्राम की बहू प्रमीला की नींद खुल गई। उसने अपने पति उमाशंकर को जगाया। उमाशंकर शोर मचाते हुए पिकअप की तरफ दौड़े तो तस्करों ने पथराव कर दिया। जिससे वह घायल हो गए। पति के बचाव में शोर मचाते प्रमिला दौड़ी तो त्सकरों ने उसकी भी पिटाई कर दी और गले से मंगलसूत्र खींचकर फरार हो गए। उनकी दोनों भैंस तस्कर पिकअप पर लाद ले गए। दोनों भैंसों की कीमत एक लाख से अधिक बताई गई है। आगे जाकर तस्करों ने सितई राजभर की भी भैंस छोड़कर पिकअप पर लाद ले गए। सितई ने तस्करों को पहचानने का दावा करते हुए थाने में दो के विरुद्ध नामजद तहरीर दी है। पुलिस दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है ।