कोंच। युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने उसके दोस्तों पर कोल्ड ड्रिंक में जहर मिलाकर पिलाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
कैलिया थाना क्षेत्र के बरोदा कलां निवासी पर्वत सिंह का 20 वर्षीय पुत्र सत्यम उर्फ शिवमंगल सिंह अपने घर आया और कुछ देर बाद उसकी तबियत बिगड़ गई। परिजन तुरंत कोंच के एक प्राइवेट अस्पताल में ले गए, जहां से उसकी गंभीर हालत होने पर उसे झांसी मेडिकल कालेज रेफर कर दिया। जहां उसकी मौत हो गई।
मंगलवार की सुबह कैलिया थाना प्रभारी नीलम सिंह पुलिस बल के साथ पहुंचीं और परिजनों से पूछताछ की। परिजनों का आरोप है कि सोमवार शाम सत्यम ने अपने दोस्तों के साथ खेत पर जाकर आम के पेड़ के नीचे बैठकर कोल्ड ड्रिंक पी। आरोप है कि इसी दौरान उसे कोल्ड ड्रिंक में जहर मिलाकर पिला दिया जिससे उसकी मौत हो गई। थाना प्रभारी नीलम सिंह का कहना है कि रिपोर्ट आने पर मौत की वजह पता चलेगी।