कोंच। साली की शादी में शामिल होने आया युवक बीच कार्यक्रम के दौरान ही घर लौट आया और घर के कमरे में लगे हुक से रस्सी का फंदा बनाकर अपनी जान दे दी। परिजन जब घर पहुंचे तो दरवाजा न खुलने पर वह दीवार फांदकर जैसे ही अंदर पहुंचे तो कमरे में युवक का फंदे पर शव लटका देख कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कोतवाली क्षेत्र के डाढ़ी गांव निवासी विवेक अहिरवार (23) मजदूरी करता था। सोमवार को उसकी साली गंगा की कस्बे के एक गेस्ट हाउस में शादी थी। जिसमें शामिल होने वह परिवार सहित आया था। जहां से वह बीच कार्यक्रम में घर लौट आया और कमरे में लगे हुक से रस्सी का फंदा बनाकर अपनी जान दे दी। सुबह जब परिजन घर पहुंचे तो अंदर से दरवाजा बंद था। परिजन जब दीवार फांदकर अंदर पहुंचे और विवेक को फंदे पर लटका देख उनके होश उड़ गए।
परिजनों ने बताया कि मृतक की शादी 26 मई 2023 को जैसारी निवासी शीतला के साथ हुई थी। मृतक के कोई संतान नहीं थी। प्रभारी निरीक्षक अजयब्रह्म तिवारी का कहना है कि आत्महत्या के कारणों का फिलहाल अभी पता नहीं चल सका है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। वहीं, लोगों का कहना है कि साली की शादी के दौरान उसका विवाद हो गया था। जिस पर वह गुस्सा होकर घर लौट आया था। तनाव में आकर उसने जान दे दी है।