कोंच। कोतवाली क्षेत्र के घमूरी गांव में शनिवार रात एक युवक की कुएं में गिरने से मौत हो गई। उसका शव सोमवार सुबह निकाला गया। शराब के नशे में संतुलन बिगड़ने के कारण हादसा हुआ है।
दिवंगत की पहचान 27 वर्षीय हेमंत कुमार के रूप में हुई है। वह मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। परिजन के अनुसार, हेमंत शराब पीने का आदी था। शनिवार रात वह शराब के नशे में घर पहुंचा और बाहर टहलने निकल गया। इसी दौरान वह गांव के एक कुएं के पास पहुंचा और संतुलन बिगड़ने से उसमें जा गिरा। आसपास के लोगों ने उसे कुएं में गिरते देखा और शोर मचाकर उसके भाई धीरेंद्र को सूचना दी। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम रात में ही पहुंच गई।
अंधेरा और कुएं में भरे कीचड़ के कारण बचाव अभियान में दिक्कतें आईं। रातभर चले प्रयासों के बावजूद युवक को बाहर नहीं निकाला जा सका। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ब्रजेश बहादुर सिंह ने बताया कि रात में कुएं में अधिक कीचड़ और कम दृश्यता के कारण शव निकालना संभव नहीं हो सका। सोमवार सुबह करीब आठ बजे रेस्क्यू अभियान चलाकर शव को कुएं से बाहर निकाला गया। तब तक हेमंत की मौत हो चुकी थी। मामले की जांच की जा रही है।