कोंच। पुरानी रंजिश को लेकर पड़री गांव में दिनदहाड़े एक युवक पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ हमलाकर मरणासन्न कर दिया। आरोपी ने युवक के घर के सामने कुएं में कुल्हाड़ी फेंक दी और मौके से भाग गया।
कोतवाली क्षेत्र के पड़री गांव निवासी रामहरीश पटेल (35) बुधवार की दोपहर गांव के बाहर सड़क किनारे चाय की दुकान पर बैठा था। तभी गांव का ही निवासी मथुरा प्रसाद उर्फ मत्था आया और पीछे से रामहरीश के ऊपर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। जिससे उसके सिर, गर्दन और हांथ में गंभीर चोंटे आई।
घटना के बाद गांव में अफरा तफरी मच गई। लोगों की सूचना पर पहुंची पीआरबी ने मौके पर पहुंचकर परिजनों की मदद से घायल को सीएचसी में भर्ती कराया जहां गंभीर हालत देख चिकित्सकों ने उसे रेफर कर दिया।
सूचना मिलने पर कोतवाली प्रभारी अजयब्रह्म तिवारी पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे और जांच पड़ताल की। बताया कि रामहरीश उरई में रहकर अपने बच्चों को पढ़ाता है और बुधवार को ही वह खेतीबाड़ी देखने गांव आया था। ग्रामीणों ने बताया कि करीब एक वर्ष पूर्व दोनों में एक शादी समारोह के दौरान मारपीट की घटना हुई थी।
बताया जा रहा है कि हमलावर मथुरा प्रसाद हिस्ट्रीशीटर है। समाचार लिखे जाने तक घायल के परिजनों ने पुलिस को तहरीर नहीं दी थी।
कोतवाली का हिस्ट्रीशीटर है हमलावर मत्था
कोंच। अपने साथी रामहरीश उर्फ छोटू पर जानलेवा हमला करने वाला आरोपी मथुरा प्रसाद वर्मा उर्फ मत्था कोतवाली कोंच में हिस्ट्रीशीटर है। उसका नाम कोतवाली के रजिस्टर नंबर 8 में दर्ज है। मत्था दिन रात शराब का नशा करता रहा है। इस मामले में कोतवाली पुलिस का कहना है कि अभी जानकारी नहीं है देखना पड़ेगा। संवाद