उरई। थाना कोटरा पुलिस ने भाई के नाम लाइसेंसी बंदूक लेकर घूम रहे एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 12 बोर की सिंगल बैरल बंदूक और 38 कारतूस बरामद किए हैं।
थाना प्रभारी विमलेश कुमार ने बताया कि थाना क्षेत्र के पुर गांव निवासी उदयवीर वर्मा को कोटरा के पास स्थित एक पुलिया के निकट से गिरफ्तार किया गया। उसके पास से एक 12 बोर सिंगल बैरल बंदूक और 38 कारतूस मिले। जांच में पता चला कि बरामद बंदूक उसके भाई राजेंद्र वर्मा के नाम लाइसेंसी है।
राजेंद्र वर्मा थाना कोटरा क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर (एचएसए-448) है और वर्तमान में जिला कारागार लखनऊ में निरुद्ध है। पुलिस के मुताबिक उदयवीर वर्मा के पास शस्त्र रखने अथवा ले जाने संबंधी कोई वैध प्राधिकार पत्र नहीं था।
इस मामले में थाना कोटरा में मुकदमा के तहत रिपोर्ट दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की गई है। साथ ही शस्त्र लाइसेंस निरस्तीकरण की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। (संवाद)