माधौगढ़। क्षेत्र में अवैध मिट्टी खनन की शिकायत करना एक युवक को भारी पड़ गया। युवक ने व्यक्ति पर गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की है।
गोहन थाना क्षेत्र के ग्राम कुरसेड़ा निवासी योगेंद्र प्रजापति ने थाना गोहन में दी गई तहरीर में बताया कि वह जालौन से अपने गांव लौट रहा था। आरोप है कि सरावन मेला के पास गोहन-कासिमपुर निवासी एक व्यक्ति ने उसे रोक लिया और अवैध मिट्टी खनन की शिकायत करने को लेकर अभद्र भाषा का प्रयोग किया।
पीड़ित का कहना है कि विरोध करने पर आरोपी मारपीट पर उतारू हो गया और जान से मारने की धमकी देकर वहां से चला गया। घटना के बाद युवक ने थाने पहुंचकर तहरीर दी और अपनी जान-माल की सुरक्षा की मांग की। थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी। (संवाद)