उरई। महिला अस्पताल में चार माह से बिना ट्रांसफार्मर के चल रही बिजली व्यवस्था में फिलहाल राहत मिली है। बिजली विभाग ने 250 केवी का ट्रांसफार्मर लगा दिया है। गुरुवार को सवा दो घंटे का शटडाउन लेकर विभागीय कर्मचारियों ने लाइन जोड़कर सप्लाई भी चालू कर दी। जिला अस्पताल स्थित फीडर में रखे ट्रांसफार्मर का सीएमएस डॉ. आनंद उपाध्याय ने निरीक्षण भी किया। बता दें कि इस मामले को अमर उजाला ने छह दिसंबर के अंक में प्रमुखता से प्रकाशित किया था।
जिला महिला अस्पताल में सप्लाई के लिए जिला अस्पताल परिसर में बने फीडर में दो ट्रांसफार्मर रखे गए थे। इसमें एक ट्रांसफार्मर से सप्लाई थी और दूसरा इमरजेंसी के लिए रखा था। एक-एक कर दोनों ट्रांसफार्मर खराब हो गए। 28 अगस्त को बिजली विभाग के कर्मचारी ट्रांसफार्मर लेकर चले गए लेकिन तबसे नया ट्रांसफार्मर नहीं दे रहे थे।
इससे महिला अस्पताल की सप्लाई शहर की सप्लाई से जोड़ी गई थी। इसके चलते शहर की सप्लाई अक्सर बाधित होने से महिला अस्पताल की बिजली गुल हो जाती थी और एसएनसीयू व ओटी जैसी सेवाएं प्रभावित होती थीं। रात के वक्त ज्यादा समस्या आती थी। सीएमएस महिला सुनीता बनौधा ने इसके लिए कई बार लिखापढ़ी की थी। अब जाकर नया ट्रांसफार्मर दिया गया।
गुरुवार को ओपीडी बंद होने के बाद दो बजे से सवा चार बजे तक शटडाउन लेकर नए ट्रांसफार्मर से महिला अस्पताल की सप्लाई जोड़ी गई। इससे अस्पताल स्टाफ ने राहत की सांंस ली। सीएमएस का कहना है कि अस्पताल में ट्रांसफार्मर आने से अब दिक्कत नहीं होगी।