कार्यक्रम में नाटक का मंचन करती छात्राएं।
- फोटो : ORAI
उरई। समाज में आज महिलाएं पुरुषों के साथ बराबरी का दायित्व निभा रही हैं। यह बात सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा ने कही। वह दयानंद वैदिक कॉलेज के सेमिनार हॉल में राष्ट्रीय सेवा योजना के राष्ट्रीय युवा सप्ताह समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि लोगों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि हमेशा से हमारा देश महिला सम्मान के प्रति समर्पित रहा है। युवा स्वयंसेवकों से कहा कि सेवा भाव के प्रति समर्पित होकर सबको जागरूक करने का काम करें।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि एनएसएस के बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के समन्वयक डॉ मुन्ना तिवारी ने कहा कि युवा शक्ति को विवेक आवश्यकता है। उन्होंने व्यक्ति परिवर्तन से समाज परिवर्तन और समाज परिवर्तन से राष्ट्र परिवर्तन निर्माण करने का आह्वान किया। नेहरू युवा केंद्र के जिला युवा अधिकारी रविदत्त शर्मा ने राष्ट्र की सेवा के लिए स्वयंसेवकों से समर्पित भाव से काम करने की बात कही। अध्यक्षता प्राचार्य डॉ राजन भाटिया ने की।
इस दौरान सप्ताह भर आयोजित समस्त प्रतियोगिताओं के प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले स्वयंसेवकों लवली परिहार, नंदिनी नायक, सुषमा, आकांक्षा, साक्षी चौहान, काजल, विमलेश, दीपा गुप्ता, सेजल सिंह, मोहिनी, रक्षा जादौन, अजीत, सोनिका, राज, अहमद फराज आदि को पुरस्कृत एवं सम्मानित किया गया। समापन कार्यक्रम में स्वयंसेवकों ने भाषण, गायन, नृत्य, नाटक एवं मिमिक्री का भी प्रदर्शन किया। इस दौरान डॉ नीता गुप्ता, कार्यक्रम अधिकारी डॉ सुरेंद्र मोहन, रामजी यादव आदि रहे।