कोंच। गुजरात में विवाहिता का शव कमरे के अंदर फंदे से लटका मिलने के बाद मामला तूल पकड़ गया। अंतिम संस्कार से पहले मायके पक्ष के लोगों ने हंगामा करते हुए ससुराल पक्ष पर दहेज हत्या का आरोप लगाया। कोतवाली पुलिस को तहरीर भी दी है।
माधौगढ़ कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मिझोना निवासी मुन्नालाल ने बताया कि उन्होंने पुत्री संतोषी का विवाह 27 माह पूर्व कोंच कोतवाली क्षेत्र के ग्राम भेड़ निवासी अजय कुशवाहा के साथ किया था। आरोप है कि विवाह के कुछ समय बाद से ही पति और ससुराल पक्ष के लोग तीन लाख रुपये की मांग करने लगे। इसी बात को लेकर संतोषी का उत्पीड़न किया जाता था।
परिजनों के अनुसार करीब एक-दो माह पहले संतोषी अपने पति अजय, ससुर प्रेम सिंह और सास रेखा देवी के साथ गुजरात के आनंद जिले में रोजगार के सिलसिले में रहने चली गई थी। आरोप है कि 19 जुलाई को ससुराल पक्ष ने संतोषी की हत्या कर उसके शव को फंदे पर लटका दिया। देर शाम घटना की सूचना मिलने पर मायके पक्ष के लोग गुजरात पहुंचे, जहां पुलिस ने पोस्टमार्टम की कार्रवाई कर शव परिजनों को सौंप दिया।
पोस्टमार्टम के बाद शव जब ग्राम भेड़ लाया गया तो अंतिम संस्कार से पहले मायके पक्ष के लोगों ने विरोध जताते हुए हत्या का आरोप लगाया और कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा किया। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। बाद में समझाइश के बाद अंतिम संस्कार कराया गया।
कोतवाल बृजेश बहादुर सिंह ने बताया कि मामले में मायके पक्ष की ओर से प्रार्थना पत्र प्राप्त हुआ है। गुजरात की घटना बताई गई थी है। गुजरात पुलिस को भी शिकायत दी गई थी। पोस्टमार्टम के बाद शव गांव लाया गया था अंतिम संस्कार हो गया है। मामले की जांच की जा रही है।
कमरे से मिला सुसाइड नोट को मायके वालों ने बताया फर्जी
फोटो-08 बरामद हुआ सुसाइड नोट की फोटो। स्रोत परिजन
संतोषी की मौत के मामले में कमरे से एक हस्तलिखित सुसाइड नोट मिलना का भी दावा किया जा रहा है। नोट में परिवार के सदस्यों का जिक्र करते हुए किसी को परेशान न करने और अपनी मर्जी से कदम उठाने जैसी बातें लिखी होने की चर्चा है। हालांकि मायके पक्ष ने इस नोट की सत्यता पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया है कि यह संतोषी की लिखावट नहीं है। उनका कहना है कि ससुराल पक्ष ने अपने बचाव के उद्देश्य से यह नोट तैयार कराया है। परिजनों ने पुलिस से सुसाइड नोट की फॉरेंसिक एवं हस्तलेखन विशेषज्ञ से जांच कराने की मांग की है, ताकि इसकी वास्तविकता सामने आ सके।
फोटो- 07 संतोषी की फाइल फोटो।