कोटरा (जालौन)। छेड़खानी के विरोध में पड़ोसी बर्खास्त होमगार्ड ने महिला से मारपीट कर दी। महिला के पेट और सीने पर नुकीली लोहे की राड मारे जाने से वह लहूलुहान हो गई। बचाने में पति और शादीशुदा बेटी को भी चोटें आई हैं। गंभीर हालत में परिजन महिला को लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां इलाज के बाद उसे वापस घर भेज दिया गया। इसके बाद शुक्रवार की सुबह महिला की मौत हो गई। इंस्पेक्टर सुधांशु पटेल का कहना है कि घटना गुरुवार रात की है, आरोपी के खिलाफ छेड़खानी व मारपीट का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार भी कर लिया गया है। देर शाम एएसपी राकेश सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की भी धारा बढ़ा दी गई है।
कस्बा के एक मोहल्ला निवासी ट्रक चालक ने पुलिस को बताया कि पड़ोसी व बर्खास्त होमगार्ड अनिल पटैरिया गुरुवार की देर शाम शराब के नशे में उसके घर घुस आया। वहां 52 वर्षीय पत्नी के साथ वह और उसकी शादी शुदा बेटी मौजूद थी। अनिल दोनों के साथ अभद्रता करने लगा। विरोध करने पर अनिल ने मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान अनिल ने नुकीली लोहे की राड से सभी पर हमला कर दिया। पत्नी के सीने और पेट में कई वार करने से वह लहूलुहान हो गई। बचाने में पति और बेटी को भी चोटें आई। हो-हल्ला सुनकर आरोपी अनिल वहां से भाग निकला। इलाकाई लोगों नें ने पुलिस को सूचना देकर तत्काल महिला को अस्पताल में भर्ती कराया। जिला अस्पताल में भी चिकित्सा कर्मियों ने पत्नी की मरहम पट्टी कर उसे घर भेज दिया। शुक्रवार की सुबह महिला की मौत हो गई। घर पर परिजनों में चीख पुकार मच गई। सूचना पर पुलिस पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों का आरोप है कि अनिल से पहले भी महिला के पति से विवाद हो चुका है। थाने में लिखा-पढ़ी भी हुई थी। इस बात से भी अनिल रंजिश रखता था। इलाकाई लोगों ने बताया अनिल नशे का आदी है और आए दिन मोहल्ले में लोगों से लड़ाई-झगड़ा करता है। इंस्पेक्टर का कहना है कि बुधवार की घटना को लेकर मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार भी कर लिया है। बेटी और पति को मामूली चोटें आई हैं और वे फिलहाल ठीक हैं।