फोटो - 08 मृतक विनीता देवी की फाइल फोटो।
सिरसाकलार। जोल्हूपुर-मदारीपुर मुख्य मार्ग पर ग्राम अभैदेपुर के पास बृहस्पतिवार दोपहर तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से एक महिला की मौत हो गई, जबकि सड़क किनारे चल रहीं तीन बकरियों की भी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों और राहगीरों ने डंपर चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
थाना क्षेत्र के अभैदेपुर गांव निवासी विनीता देवी दोहरे (40) पत्नी गुड्डन अपने छोटे बच्चे को गोद में लेकर कालपी जाने के लिए सड़क किनारे खड़ी थीं। उसी दौरान गांव की पूना देवी अपनी बकरियों को लेकर वहां से गुजर रही थीं। इसी दौरान मदारीपुर की ओर से तेज गति से आ रहे डंपर ने महिला और बकरियों को टक्कर मार दी। हादसे में विनीता देवी गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ीं, जबकि चार बकरियां वाहन की चपेट में आ गईं, जिनमें से तीन की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के समय बाजार का दिन होने के कारण क्षेत्र में काफी चहल-पहल थी। हादसे के बाद लोगों ने भागने का प्रयास कर रहे डंपर चालक को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। सूचना पर पहुंची नियामतपुर चौकी पुलिस ने घायल महिला को जिला मेडिकल कॉलेज भिजवाया तथा डंपर और चालक को कब्जे में लेकर चौकी ले गई।
मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान विनीता देवी ने दम तोड़ दिया। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस का कहना है कि चालक औरैया जिले के अछल्दा थाना क्षेत्र के देवीपुर गांव निवासी अंकित को हिरासत में ले लिया है।
ग्रामीणों का कहना है कि सिमरा, शेखपुर घाट और कालपी क्षेत्र से मौरंग लेकर निकलने वाले भारी वाहन अक्सर तेज रफ्तार से चलते हैं, जिससे आए दिन हादसों का खतरा बना रहता है। थाना प्रभारी वरुण प्रताप सिंह का कहना है कि हादसे में महिला की मौत हुई है। जांच की जा रही है। तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।