जालौन। नगर की एक लाइब्रेरी में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही छात्रा ने तीन युवकों पर सोशल मीडिया पर भेजी गई फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार न करने पर परेशान करने और धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर तीनों युवकों के खिलाफ कार्रवाई की है।
पीड़िता ने बताया कि वह एक लाइब्रेरी में पढ़ाई करती है। आरोप है कि लाइब्रेरी में पढ़ने वाले तीन युवकों ने उसे सोशल मीडिया पर फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी थी, जिसे उसने स्वीकार नहीं किया। इसके बाद बुधवार शाम लाइब्रेरी से बाहर निकलते समय युवकों ने उसे रोक लिया और विवाद करने लगे।
छात्रा का आरोप है कि युवकों ने उसकी बात न मानने पर उसका जीवन बर्बाद करने की धमकी भी दी। छात्रा के शोर मचाने पर मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ कार्रवाई की। (संवाद)