माधौगढ़। गोहन थाना क्षेत्र के मड़ोरी गांव में पारिवारिक कलह के चलते नवविवाहिता ने कमरे के अंदर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस जांच पड़ताल में जुटी है।
गोहन थाना क्षेत्र के मड़ोरी गांव निवासी संतोषी प्रजापति (22) की बृहस्पतिवार की सुबह किसी बात को लेकर परिजनों से कहासुनी हो गई। इसके बाद वह कमरे में चली गई और दीवार पर लगे हुक से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। काफी देर तक बाहर न निकलने पर परिजनों ने कमरे में जाकर देखा तो उसका शव फंदे से लटका मिला। परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर क्षेत्राधिकारी अंबुज यादव, गोहन थाना प्रभारी सतीश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। मृतक के पति आशीष ने बताया कि संतोषी की शादी 10 मई को हुई थी। उसका मायका कुठौंद थाना क्षेत्र के गांव नैनापुर में है। सीओ अंबुज सिंह का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। महिला ने यह आत्मघाती कदम किन परिस्थितियों में उठाया गया, इसकी जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।