चकलवंशी। माखी गांव में महिला की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मायके वालों दहेज उत्पीड़न और बेटी की हत्या कर फंदे से लटकाने का आरोप लगाया। पोस्टमार्टम के बाद शव माखी थाने ले गए और हंगामा किया। पुलिस ने पति सहित चार पर दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है।
माखी थानाक्षेत्र के मोहल्ला सरांय निवासी अखिल मिश्रा उर्फ सूरज की पत्नी गौरी उर्फ तन्नू (22) का शव शनिवार देर शाम घर में फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंचे औरास थानाक्षेत्र के रजनाखेड़ा निवासी प्रेमशंकर अवस्थी ने बताया कि बेटी गौरी उर्फ तन्नू की 21 जून 2022 को शादी हुई थी। आरोप लगाया कि ससुराल वाले दो लाख रुपये की मांग कर रहे थे और प्रताड़ित करते थे। पुलिस को बताया कि बेटे अविनाश अवस्थी के खाते से इसी महीने सात जून को 20 हजार रुपये दिए थे।
आरोप है कि और रुपये न मिलने पर शनिवार शाम बेटी को ससुराल में पीटा गया और फंदे से लटका दिया। पड़ोसियों से जानकारी हुई तब वह लोग पहुंचे। पुलिस ने रविवार को शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद मायके पक्ष के लोगों को दे दिया। दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज न होने से नाराज परिजन शव लेकर माखी थाने पहुंचे और हंगामा करने लगे।
थाना प्रभारी संदीप मिश्रा ने बताया कि तहरीर के आधार पर पति अखिल मिश्रा, सास पंकज मिश्रा, ससुर पप्पू मिश्रा, देवर शिवा पर दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर पति और ससुर को गिरफ्तार कर जांच की जा रही है। मृतका का सात माह का बेटा भी है।