कोंच। पत्नी का मायके जाना एक व्यक्ति को बर्दाश्त नहीं हुआ और तीन दिन बाद ही उसने फंदा लगाकर जान दे दी। शादी के बारह साल बाद भी उसको कोई संतान नहीं थी। कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कोतवाली क्षेत्र के दिरावटी निवासी अमित कुमार अहिरवार (40) ने घर के अपने हिस्से में बने कमरे में खूंटी से रस्सी का फंदा लगाकर जान दे दी। परिजनों ने बताया कि मृतक की पत्नी 24 जून को अपने मायके गोहन चली गई थी। गुरुवार को अमित जब दोपहर 12 बजे तक भी घर के बाहर नहीं आया तो कमरे का दरवाजा खुलवाने की कोशिश की गई परदरवाजा अंदर से बंद था। जब पड़ोसी की छत पर जाकर देखा तो अमित का शव कमरे की दीवार पर लगी खूंटी से टंगा था। सूचना पर भेड़ चौकी इंचार्ज प्रवीण कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल के बाद शव को उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।