जालौन। नगर में पूर्ण रूप से साप्ताहिक बंदी सफल कराने के लिए दुकानदारों ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपा है। उन्होंने सोमवार के दिन निर्धारित बाजारबंदी को पूर्णरूप से लागू कराने की मांग एसडीएम से की है। राजेश लाक्षाकार, इरफान, अखिलेश लाक्षाकार, इदरीश, देवेंद्र, गौतमचंद्र अग्रवाल, घनश्याम गुप्ता, सोहनलाल, नीरज गुप्ता, आशुतोष आदि ने एसडीएम व ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रिंकू सिंह राही को ज्ञापन सौंपकर बताया कि नगर में सोमवार का दिन साप्ताहिक बंदी के लिए निर्धारित है।
अधिकारियों के नियमित भ्रमण न होने से दुकानदार अपनी दुकानें खोलने लगते हैं। इससे उन दुकानदारों को नुकसान होता है तो नियम का पालन करते हुए अपनी दुकानों को बंद रखते हैं। शुरुआत एक दो दुकानों के खुलने से होती है। धीरे धीरे आधा बाजार खुलने लगता है। इनमें शराब ठेका गली, पुरानी नझाई गली के आसपास के अलावा सब्जी मंडी और तहसील रोड पर व कांजी हाउस चौराहे के आसपास, चुर्खी रोड, डॉ. साहनी वाली गली आदि स्थानों के दुकानदार अपनी अपनी दुकानें खोले रहते हैं। उन्होंने नगर में बाजार बंदी सुनिश्चत कराने की मांग ज्वाइंट मजिस्ट्रेट से की है। (संवाद)