ग्राम विरगुवां में घटनास्थल पर मौजूद सीओ व कोतवाली पुलिस
- फोटो : ORAI
कोंच (जालौन)। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम विरगुवां बुजुर्ग में पढ़ाई में कमजोर इंटरमीडिएट की छात्रा ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सुबह परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
विरगुवां बुजुर्ग निवासी जयराम रजक की बेटी रागिनी(19) ने गुरुवार की देर रात घर की गैलरी में दुपट्टे का फंदा बनाकर फांसी लगा ली। उस समय घर के सभी लोग सो रहे थे। सुबह जब वे जागे तो उन्होंने रागिनी को फंदे पर लटका देखकर पुलिस को सूचना दी। सागर चौकी इंचार्ज सुरेंद्र कुमार सिंह हमराहियों के साथ मौके पर पहुंचे और शव को फंदे से नीचे उतारा।
सीओ शीशराम सिंह भी मौके पर पहुंच गए थे, उन्होंने पूरी घटना की जानकारी ली। पूछताछ में पता चला कि रागिनी इंटरमीडिएट की छात्रा थी और पढ़ाई में कुछ कमजोर भी थी, जिसके चलते उसे अक्सर घरवाले पढ़ाई के लिए डांटते रहते थे। सीओ का कहना है कि फिलहाल परिजन कोई कारण नहीं बता पा रहे हैं, जांच की जा रही है।