उरई। टंकी की मोटर फुंकने पर पानी की समस्या से जूझ रहे मड़ोरा गांव के सैकड़ों ग्रामीणों ने उरई-कोंच रोड पर जाम लगा दिया। जाम लगने से एक घंटे के लिए यातायात बाधित हो गया और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। लोग निकलने के लिए परेशान होने लगे। सूचना पर नायब तहसीलदार मौके पर पहुंचे और दो दिन में समस्या के समाधान की बात कहकर जाम खुलवाया। तब कहीं जाकर यातायात शुरू हो सका।
शहर से सटे उरई-कोंच मार्ग स्थित करसान गांव में लगे नलकूप की मोटर दो दिन से फुंकी पड़ी है। इससे मडोरा गांव में बनी टंकी में पानी नहीं पहुंच पा रहा है। हालत यह है कि गांव में लगे नलकूपों से खारा पानी आता है। इससे ग्रामीणों को पानी नहीं मिल पा रहा है। इसलिए ग्रामीणों को बूंद-बूंद पानी के लिए तरसना पड़ रहा है। रविवार को लोगों का सब्र टूट गया और उन्होंने उरई कोंच मार्ग को पूरी तरह से झाड़-झंखाड़ डालकर बाधित कर दिया।
ग्रामीणों में सबसे ज्यादा महिलाएं थीं और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए हंगामा करने लगी। ग्राम प्रधान अभिषेक पटेल, राहुल कुमार धर्मेंद्र कुमार, सत्येंद्र कुमार गुड्डी देवी, सुनीता देवी, धुंआ देवी संपत देवी, राज बहादुर वर्मा, संजू वर्मा, मनोज विश्वकर्मा, छोटे कुशवाहा, प्रताप नई, पूर्व प्रधान शिवराम, ग्राम प्रधान गढ़र मिथिलेश आदि ने बताया कि गांव में पानी न आने से उन्हें एक किलोमीटर दूर पानी के लिए जाना पड़ रहा है।
इसके अलावा गांव में दो-चार घरों में लगे सबमर्सिबल से पानी भरना पड़ रहा है। हालत यह है कि पानी न आने से दिनचर्या भी पूरी तरह से प्रभावित हो गई है। बताया कि अधिकारियों को कई बार इस समस्या के बारे में बता चुके हैं। लेकिन फिर भी कोई सुनवाई नहीं हो हुई। इससे उन्हें जाम लगाना पड़ा। जाम से सैकड़ों की संख्या में दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई।
जाम की सूचना पाकर नायब तहसीलदार हरदीप सिंह व कोतवाल अजय ब्रह्म तिवारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों समझाकर दो दिन में समस्या का समाधान कराने की बात कही। तब ग्रामीणों ने जाम खोल दिया। इसके बाद यातायात बहाल हो सका।