मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर ऐरी रमपुरा ग्राम पंचायत का निरीक्षण करतीं डीएम प्रियंका निरंज?
- फोटो : ORAI
उरई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 24 अप्रैल को राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस पर डकोर ब्लाक के ऐरी रमपुरा आएंगे। ऐरी रमपुरा ग्राम पंचायत और जालौन जिला पंचायत को राष्ट्रीय स्तर के पुरस्कार के लिए चयनित किया गया है। इस मौके पर वह ग्राम प्रधान और जिला पंचायत अध्यक्ष को अवार्ड से सम्मानित करेंगे। उधर, सीएम की तैयारी को लेकर जिला प्रशासन सक्रिय हो गया है। शुक्रवार की देर रात डीएम-एसपी अधिकारियों के साथ ऐरी रमपुरा पहुंचे और गांव में स्कूल के पास हेलीपैड की प्रस्तावित जगह देखी।
बता दें कि पंचायती राज दिवस पर पीएम नरेंद्र मोदी जम्मू कश्मीर के सांबा जिला की ग्राम पंचायत पाली से लाइव संबोधित करेंगे। इस कार्यक्रम का प्रसारण पूरे देश में होगा। सीएम योगी सुबह 11 बजे ऐरी रमपुरा ग्राम पंचायत पहुंच जाएंगे और पीएम मोदी के कार्यक्रम को वेबकास्ट के माध्यम से देखेंगे। अपर मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह ने इस बारे में जिला प्रशासन को पत्र भेजा है। पत्र मिलते ही जिला प्रशासन के अधिकारी हरकत में आ गए और ऐरी रमपुरा पहुंचकर व्यवस्थाओं को चुस्त दुरुस्त कराने में जुट गए हैं।
बता दें कि ऐरी रमपुरा ग्राम पंचायत जिले की आदर्श ग्राम पंचायत है। यहां मिनी सचिवालय में ग्रामीणों को आय, जाति, निवास, खसरा खतौनी, पीएम सम्मान निधि, पेंशन जैसे आवेदन तत्काल भर जाते है, उन्हें शहर की दौड़ नहीं लगानी पड़ती है। खेल, शिक्षा, तालाब, सड़क, नाली, खड़ंजा जैसी सुविधाएं नजीर बन गई है। इसलिए इस पंचायत का चयन राष्ट्रीय स्तर पर हुआ है।
-------
अमर उजाला ने प्रकाशित की थी पड़ताल
पंचायती राज विभाग के द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर चयन कराने के लिए ग्राम पंचायत ऐरी रमपुरा का आवेदन भेजा गया था। इस पर केंद्रीय टीम ने लगातार तीन दिन निरीक्षण कर व्यवस्थाएं परखी थीं। इसके साथ ही अमर उजाला ने भी एक पड़ताल करते हुए अपनी रिपोर्ट प्रकाशित की थी। अधिकारियों ने इस खबर को अपनी रिपोर्ट बनाने में बिंदु बनाया था।