उरई/महेवा (जालौन)। पदोन्नति के लिए महेवा के मंगरौल स्थित पुलिस प्रशिक्षण केंद्र (पीटीसी) में हेड कांस्टेबिल की अचानक हालत बिगड़ गई। वहां पर मौजूद कर्मचारी उन्हें लेकर कालपी सीएचसी पहुंचे, जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर परिजनों को सूचना दी। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इटावा जनपद के अशोक नगर निवासी हेड कांस्टेबिल दिवारीलाल कानपुर छावनी में तैनात थे। वह पदोन्नति के लिए कालपी थाना क्षेत्र के मंगरौल स्थित पीटीसी केंद्र में प्रशिक्षण पा रहे थे। शुक्रवार सुबह अचानक उनकी हालत बिगड़ गई। अस्पताल पहुंचने पर डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक के परिजनों ने बताया कि 30 दिनों से प्रशिक्षण में शामिल थे। पत्नी कुसमा देवी, बेटे विपिन, शिवप्रताप सहित दो बेटियों का रो-रोकर बुरा हाल है।