सिरसाकलार। घर में अकेली किशोरी को युवक ने खेत पर ले जाकर दुष्कर्म किया। किसी तरह घर पहुंची किशोरी ने जानकारी परिजनों को दी। परिजनों ने किशोरी के साथ थाने पहुंचकर आरोपी युवक के खिलाफ दुष्कर्म की तहरीर दी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर डॉक्टरी परीक्षण के लिए भेज दिया है।
सिरसाकलार थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक ने पुलिस को तहरीर दी है। बताया कि शुक्रवार की शाम छह बजे वह पत्नी के साथ खेत पर भूसा भरने गया था। उसकी 15 वर्षीय पुत्री घर पर अकेली थी। तभी पड़ोसी गांव का युवक यतेंद्र सिंह गुर्जर उसके घर आया और उसकी पुत्री को खेतों की तरफ ले गया, जहां पर दुष्कर्म किया। जब वह लौटा तो पुत्री को गायब देख उसकी खोजबीन शुरू की। रात 12 बजे पुत्री रोती बिलखती घर पहुंची और अपने साथ हुई सारी घटना की जानकारी दी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर किशोरी को डाक्टरी के लिए भेज दिया है। सीओ संतोष कुमार का कहना है कि किशोरी के बयान दर्ज किए गए हैं। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।