एट। कस्बे के लिए हाईवे किनारे से निकली 33 हजार केवीए की अंडर ग्राउंड केबिल को बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे निर्माण कार्य में लगी एलएनटी मशीन ने देर रात खुदाई के दौरान क्षतिग्रस्त कर दिया। इससे क्षेत्र के 3 सब स्टेशनों की विद्युत व्यवस्था ठप हो गई। इन सब स्टेशनों से जुड़े करीब 60 गांवों मेंअंधेरा छा गया। 24 घंटे बीतने के बाद भी अब तक सप्लाई को चालू नहीं किया जा सका। उधर, कस्बे में बिजली के साथ-साथ पीने के पानी की किल्लत हो गई है। हालांकि की सूचना पर देर शाम पहुंचे बिजली कर्मचारियों ने केबिल को ठीक करने का कार्य शुरू कर दिया है।
क्षेत्र के सब स्टेशन कुसमिलिया, कोटरा व एट तीनों फीडर में मुख्यालय से अंडर ग्राउंड लाइन 33 केवीए के माध्यम से सप्लाई दी जाती है। शनिवार की देर रात बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर काम कर रही एलएनटी मशीन ने खुदाई के दौरान अंडर ग्राउंड केबिल को क्षतिग्रस्त कर दिया। इससे जुड़े तीनों फीडरों में सप्लाई ठप हो गई। साथ ही बड़ा हादसा होने से भी बच गया। सूचना पर पहुंचे लाइनमैनों ने केबिल कटने की सूचना रात में ही अधिकारियों को दी। पर रविवार शाम तक सप्लाई को ठीक करने का कार्य शुरू नहीं हो सका। अधिकारियों का कहना है कि जिस जगह केबिल कटी है वहां पानी भरा है। इसलिए ठीक करने के कार्य में परेशानी हो रही है।
जिससे 24 घंटे बीत जाने के बाद भी क्षेत्र के 60 गांवों की बिजली सप्लाई ठप है। जिससे भीषण गर्मी के चलते ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सुबह से कई गांवों पीने के पानी का संकट गहरा गया है। उपखंड अधिकारी सत्येंद्र सिंह ने शाम को कार्य शुरू कर दिया है। जल्द ही सप्लाई चालू कर दी जाएगी। इसके साथ ही मशीन संचालक के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।