जालौन। रंजिश को लेकर मोहल्ले के चार युवकों ने एक घर पर धावा बोलकर लाठीडंडों से दरवाजे पर तोड़फोड़ की। घर पर मौजूद पुत्र ने फोन से अपने पिता को जानकारी दी। गृहस्वामी जब घर पहुंचा तो युवकों ने लाठी डंडो से उसके साथ मारपीट की। इसके बाद एक युवक ने तमंचे से फायर कर दिया। जिससे मोहल्ले में अफरातफरी मच गई। मोहल्ले के लोगों को देख युवक को जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। पीड़ित ने कोतवाली पहुंचकर तीन नामजद व एक अज्ञात युवक के खिलाफ पुलिस को तहरीर दे दी है।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला चुर्खीवाल निवासी प्रमोद कुमार ने पुलिस को बताया कि वह शनिवार की रात तिलक समारोह में शामिल होने गया था। घर पर उनका पुत्र रोहित अकेला था। रात लगभग नौ बजे मोहल्ले के ही चार युवक उसके घर के बाहर आए और दरवाजे पर लाठी डंडे व लात घूंसे मारकर दरवाजा तोड़ने लगे। पुत्र ने उसे फोन कर जानकारी दी। वह जैसे ही घर पहुंचा तो युवकों ने उसके साथ लाठी डंडो व लात घूसों से मारपीट कर दी। तभी एक युवक ने तमंचे से फायर कर दिया। मोहल्ले के लोगों को आता देखकर आरोपी युवक जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। घटना का वीडियो किसी ने बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वहीं कोतवाल शैलेंद्र सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है, पुलिस मामले की जांच कर रही है कार्रवाई की जाएगी।