कालपी। कस्बे में शुक्रवार को इफ्को कृषक गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस मौके पर क्षेत्रीय विधायक प्रशासनिक तथा कृषि अधिकारियों ने शासन के द्वारा कृषकों के हितों के लिये चलाईं जा रही योजनाओं के बारे में जानकारियां देकर जागरूक किया।
शुक्रवार को गोष्ठी में बोलते हुए विधायक नरेंद्र पाल सिंह जादौन ने कहा कि पीएम मोदी और सीएम योगी के नेतृत्व में किसानों के लिए कई प्रकार की कल्याणकारी योजनाएं चल रही है। इसका जीता जागता उदाहरण किसान सम्मान निधि योजना है। कार्यक्रम में एसडीएम कौशल कुमार ने कहा कि एक ही छत के नीचे कृषकों को खाद, बीज कीटनाशक दवाइयां कृषि उपकरण उपलब्ध होने से किसानों का समय तथा धन की बर्बादी नहीं होगी। तहसीलदार बलराम गुप्ता ने कहा कि किसानों को अपने हक के लिए जागरूक रहने की जरूरत है। उन्होंने बताया कि दैवीय आपदा से मृत्यु होने पर शासन के द्वारा मृतक के आश्रितों को चार लाख की आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। इसलिए दैवी आपदा से मरने वाले कृषक का पोस्टमार्टम कराना जरूरी है। पिछले महीने आई बाढ़ से 440 घर क्षतिग्रस्त हुए थे। जिनकी सूची उपलब्ध हो चुकी है जिनमें से 330 लोगों को शासकीय मदद पहुंचा दी गई है। सहकारी संस्था इफ्को के क्षेत्रीय प्रबंधक राम रतन सिंह ने कहा कि किसानों को खाद एवं बीज को निर्धारित दर से उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है उन्होंने कहा कि कोई भी दुकानदार अगर निर्धारित दर से अधिक कीमत वसूलता है तो शिकायत मिलने पर उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। नायब तहसीलदार राजेश कुमार पाल, पूर्व ब्लाक प्रमुख सुरेंद्र सिंह सरसेला, नरेंद्र द्विवेदी, अमित पांडे, आशीष भदौरिया, डॉक्टर राम गोपाल द्विवेदी आदि मौजूद रहे।